आईआईटी बीएचयू ने टैलेंडी के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए
विद्यार्थियों को जापानी कंपनियों में इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर मिलेंगे
आईआईटी बनारस हिंदू विश्वविद्यालय ने टैलेंडी होल्डिंग्स के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है, जिससे विद्यार्थियों को जापानी और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। एमओयू के तहत टैलेंडी पोर्टल के माध्यम से इंटर्नशिप, प्लेसमेंट और हैकाथॉन में सहयोग होगा, और भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाया जाएगा।
AI-निर्मित सार · पूरी ख़बर से पुष्टि करें
आईआईटी बनारस हिंदू विश्वविद्यालय ने टैलेंडी होल्डिंग्स के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी से विद्यार्थियों को जापानी और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में इंटर्नशिप तथा रोजगार के अवसर मिलेंगे।
आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रोफेसर अमित पात्रा ने इस सहयोग को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि टैलेंडी के साथ यह साझेदारी जापानी उद्योगों के साथ संस्थान के जुड़ाव को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इंटर्नशिप, रोजगार और उभरती प्रौद्योगिकियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
एमओयू के तहत इंटर्नशिप, प्लेसमेंट और हैकाथॉन के क्षेत्र में सहयोग किया जाएगा। टैलेंडी की ओर से आईआईटी (बीएचयू) और उसके विद्यार्थियों को निश्शुल्क टैलेंडी पोर्टल उपलब्ध कराया जाएगा, जो इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर एक ही मंच पर प्रदान करेगा।
इस पोर्टल के माध्यम से आवेदन से लेकर इंटर्नशिप तथा संभावित प्री-प्लेसमेंट ऑफर तक की भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाया जाएगा। टैलेंडी, आईआईटी (बीएचयू) के साथ मिलकर इंटर्नशिप प्रक्रिया में दक्षता सुनिश्चित करेगा और पोर्टल की कार्यप्रणाली संस्थान की प्लेसमेंट नीतियों के अनुरूप संचालित होगी।
एमओयू पर हस्ताक्षर के अवसर पर आईआईटी (बीएचयू) के डीन (आरएंडडी) प्रोफेसर राजेश कुमार, प्रोफेसर इंचार्ज, आउटरीच एवं इंडस्ट्री रिलेशंस तथा समन्वयक, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल प्रोफेसर सुशांत कुमार श्रीवास्तव, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के डिप्टी कोऑर्डिनेटर प्रोफेसर के.पी., सरावडेकर, प्रोफेसर सूर्य देव यादव, एसोसिएट डीन (आरएंडडी) डॉ. प्रदीप पाइक और उप कुलसचिव डॉ. देवेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित थे।
टैलेंडी की ओर से संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री नाओताका निशियामा, निदेशक (पब्लिक अफेयर्स) सुश्री एई मिनामिजाकी तथा मैनेजर (कस्टमर सक्सेस) श्री केंजी अराई मौजूद थे।
बताया गया कि टैलेंडी प्लेटफॉर्म को 2020 से 2022 के बीच आयोजित इंडिया-जापान वर्किंग ग्रुप सत्रों में हुई चर्चाओं के आधार पर विकसित किया गया है। इन सत्रों को जापान के मिनिस्ट्री ऑफ इकोनॉमी, ट्रेड एंड इंडस्ट्री तथा टोक्यो स्थित भारतीय दूतावास का सहयोग प्राप्त था। इस पहल में भारत के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों और जापानी कंपनियों ने भाग लेकर विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा की थी।
5 free articles left today
0 of 5 free reads used today.
पाठकों की पसंद





Comments
0 threadsNo approved comments yet. Start the discussion.