झालावाड़ में भारी बारिश के चलते 5 सितंबर को स्कूलों में छुट्टी
जिले में भारी बारिश की चेतावनी के बाद कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे
झालावाड़ जिले में भारी बारिश की चेतावनी के कारण 5 सितंबर को सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है और अभिभावकों से बच्चों को पानी वाले क्षेत्रों से दूर रखने की अपील की है।
AI-निर्मित सार · पूरी ख़बर से पुष्टि करें
झालावाड़। झालावाड़ जिले में भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर 5 सितंबर को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है।
जयपुर मौसम विभाग ने झालावाड़ जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। इसके बाद जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ के निर्देश पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह मीणा ने शनिवार को सभी स्कूलों में अवकाश का आदेश जारी किया। आदेश में बताया गया है कि भारी बारिश की आशंका को देखते हुए छात्रों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए स्कूल बंद रहेंगे।
शिक्षक और अन्य कर्मचारी अपने निर्धारित समय पर स्कूल आएंगे और सरकारी कार्य संपादित करेंगे। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को नदी, नाले, तालाब और पानी भरे इलाकों से दूर रखें और उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग लगातार मौसम पर नजर रख रहे हैं और जरूरत पड़ने पर आगे भी फैसले लिए जाएंगे।
झालावाड़ जिले में दो दिन से सावन जैसी झड़ी लगी हुई है। शुक्रवार को सुबह से ही कभी तेज तो कभी धीमी बारिश का दौर जारी रहा। जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिसमें सुनेल में 76 एमएम और पचपहाड़ में 73 एमएम बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है और खरीफ फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
बारिश के कारण जिले के नदी-नालों, तालाबों और अन्य जलस्रोतों में पानी की आवक बढ़ी है। अब तक जिले में 731.53 एमएम औसत बारिश हो चुकी है, जबकि पिछले वर्ष कुल 1087 एमएम बारिश दर्ज हुई थी। मानसून की सक्रियता बनी रहने पर बारिश का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।
बारिश से कई क्षेत्रों में जलभराव और आवागमन प्रभावित होने की आशंका है, जिससे बच्चों के विद्यालय आने-जाने में परेशानी और सुरक्षा संबंधी जोखिम हो सकते हैं। प्रशासन ने छात्रों और आम लोगों से निर्देशों का पालन करने को कहा है।
50 free articles left today
0 of 50 free reads used today.
पाठकों की पसंद







Comments
0 threadsNo approved comments yet. Start the discussion.