आंध्र प्रदेश में मलेरिया दवा से 7 साल की बच्ची की मौत, 71 लोग बीमार
पल्लावरम जिले के गोलागुप्पा गांव में मलेरिया रोकथाम के लिए दवा दी गई थी
आंध्र प्रदेश के पल्लावरम जिले में मलेरिया की रोकथाम के लिए दी गई एंटी-मलेरिया दवा के बाद, 71 लोग बीमार पड़ गए और 7 साल की बच्ची माडिवी जमुना की मौत हो गई। स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए प्रशासन ने प्रभावितों को अस्पतालों में भर्ती करवा दिया है और मुख्यमंत्री ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
AI-निर्मित सार · पूरी ख़बर से पुष्टि करें
आंध्र प्रदेश के पल्लावरम जिले के गोलागुप्पा गांव में मलेरिया से बचाव के लिए 71 लोगों को एंटी-मलेरिया दवा दी गई। दवा खाने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिसमें दूसरी कक्षा की 7 साल की बच्ची माडिवी जमुना की इलाज के दौरान मौत हो गई।
अधिकारियों के मुताबिक, दवा लेने के कुछ देर बाद कई लोगों को उल्टी, पेट में जलन और चक्कर जैसी दिक्कतें हुईं। इस पर प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 29 मरीजों को तेलंगाना के एक अस्पताल में और 24 को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
डॉक्टरों ने बताया कि बाकी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है। प्रभावितों में बच्चे और ग्रामीण शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने गोलागुप्पा गांव में मलेरिया रोकथाम के लिए मेडिकल कैंप लगाया था, जहां दवा बांटी गई थी।
जिला प्रशासन ने विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीमें तैनात की हैं। काकीनाडा से 9 सदस्यीय टीम गांव पहुंची है, साथ ही विजयवाड़ा, राजामहेंद्रवरम और काकीनाडा से तीन और टीमें भेजी गई हैं।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों से पूरी रिपोर्ट मांगी है और उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने प्रभावितों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश भी दिए हैं।
जिला कलेक्टर दिनेश कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, स्थिति नियंत्रण में है। फिलहाल बच्ची की मौत के असल कारणों की जांच जारी है और स्वास्थ्य विभाग यह पता लगाने में लगा है कि दवा के बाद लोगों की तबीयत इतनी कैसे बिगड़ी।
5 free articles left today
0 of 5 free reads used today.
Reader Pulse




Comments
0 threadsNo approved comments yet. Start the discussion.