राजस्थान में नाम वापसी का आज आखिरी दिन, 3 बजे तक अंतिम मौका
राज्य के 309 नगरीय निकायों में चुनावी मैदान में अंतिम उम्मीदवारों की संख्या आज शाम तय होगी
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के लिए नाम वापसी का आज आखिरी दिन है, उम्मीदवार दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। अंतिम सूची जारी होने के बाद 4 सितंबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे, और पहले चरण की वोटिंग 11 सितंबर को होगी।
AI-निर्मित सार · पूरी ख़बर से पुष्टि करें
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के लिए नाम वापसी का आज आखिरी दिन है। उम्मीदवार दोपहर 3 बजे तक रिटर्निंग ऑफिसर के पास जाकर अपना नाम वापस ले सकते हैं। इससे चुनावी मैदान में अंतिम रूप से शामिल होने वाले प्रत्याशियों की संख्या आज शाम को घोषित की जाएगी।
राज्य की 309 नगरीय निकायों में पहले दिन 218 से अधिक उम्मीदवारों ने नाम वापसी कर चुनाव से बाहर हो गए थे। जयपुर जिले के 19 निकायों में नामांकन पत्रों की जांच के बाद 3,365 उम्मीदवार मैदान में बने थे। कल प्रमुख पार्टियों की समझाइश और उम्मीदवारों की मनुहार के बाद 74 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस लिए।
नाम वापसी की प्रक्रिया दोपहर 3 बजे तक चलेगी, जिसके बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी। 4 सितंबर को चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद प्रचार अभियान पूरी गति से चलेगा।
चुनाव प्रचार के लिए अब केवल 7 दिन का समय बचा है। पहले चरण की वोटिंग 11 सितंबर को होगी, जिसमें 145 निकायों में मतदान होगा।
अलवर नगर निगम चुनाव में भी नाम वापसी की प्रक्रिया जारी है। अब तक 6 निर्दलीय उम्मीदवारों ने नाम वापस लिया है। नगर निगम के 65 वार्डों में 440 उम्मीदवार चुनाव मैदान में बने हुए हैं।
प्रमुख राजनीतिक दल कुछ निर्दलीय प्रत्याशियों से संपर्क कर उन्हें चुनाव से हटने के लिए मना रहे हैं, जबकि कुछ वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों को समर्थन भी दिया जा रहा है। कई वार्डों में चुनावी मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना बनी हुई है।
भाजपा और कांग्रेस से टिकट न मिलने पर नाराज होकर चुनाव मैदान में उतरे कुछ निर्दलीय उम्मीदवारों को मनाने के प्रयास जारी हैं। बुधवार को छह निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए। गुरुवार को भी कुछ अन्य उम्मीदवारों के नाम वापसी की संभावना है।
नगर निगम चुनाव में अब तक 132 नामांकन पत्र निरस्त हो चुके हैं। नाम वापसी की अंतिम समय सीमा पूरी होने के बाद चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची तैयार होगी।
अलवर के अलावा खेरली, रामगढ़ और कठूमर में भी कई प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए हैं। खेरली के वार्ड नंबर 17 में दोनों निर्दलीय उम्मीदवारों के नाम वापसी के बाद भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध चुने जाने की संभावना है। कठूमर में नाम वापसी के बाद 96 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं, जबकि रामगढ़ में 286 प्रत्याशी मुकाबले में हैं।
5 free articles left today
0 of 5 free reads used today.
पाठकों की पसंद






Comments
0 threadsNo approved comments yet. Start the discussion.