पाली नगर निगम चुनाव में कांग्रेस-भाजपा और बागियों के बीच कड़ी टक्कर
65 वार्डों में नामांकन पत्रों की जांच रात 9 बजे तक जारी रही, कई वार्डों में बागी प्रत्याशी मैदान में
पाली नगर निगम चुनाव के 65 वार्डों में कांग्रेस, भाजपा और बागी निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है, जिसमें कांग्रेस के छह और भाजपा के एक नामांकन खारिज किए गए हैं। कई वार्डों में बागी उम्मीदवारों ने मुकाबला कठिन बना दिया है, जबकि कुछ वार्डों में कांग्रेस के प्रत्याशी अनुपस्थित हैं या नामांकन रद्द हो गए हैं, जिससे कांग्रेस के सामने अपने नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने और सामंजस्य बनाकर चुनावी रणनीति मजबूत करने की चुनौती है।
AI-निर्मित सार · पूरी ख़बर से पुष्टि करें
जयपुर। पाली नगर निगम चुनाव के 65 वार्डों में कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच निगम कार्यालय में रात करीब 9 बजे तक चली। कांग्रेस के छह और भाजपा के एक नामांकन पत्र खारिज किए गए हैं। कई वार्डों में बागी प्रत्याशियों ने चुनावी मैदान में उतरकर मुकाबला और भी सघन कर दिया है।
पाली नगर निगम के वार्ड संख्या 40 में पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख के वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी ने नामांकन जमा नहीं कराया। इस वार्ड में भाजपा की नवरतन कंवर राजपुरोहित और निर्दलीय पुष्पा सोमनानी के बीच मुकाबला होगा। वार्ड संख्या 07 में कांग्रेस का कोई प्रत्याशी नहीं है, यहां भाजपा से पानीदेवी जाट चुनाव लड़ रही हैं। उनके बेटे शिवप्रकाश जाट भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। कांग्रेस इस वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी की तलाश में है।
वार्ड संख्या 13 में भाजपा के योगेश वर्मा और बागी निर्दलीय जय जसवानी के बीच मुकाबला होगा। कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रप्रकाश माली का फॉर्ज अपराधिक केस के कारण निरस्त हो चुका है। वार्ड संख्या 14 में भाजपा की प्रियंका शर्मा के सामने दो बागी ताराचंद माहेश्वरी और निर्मल जोशी चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी नेहा राठौड़ का नामांकन नहीं हो पाया।
वार्ड संख्या 26 में भाजपा के शिवजी प्रजापत को पूर्व सभापति कुसुम सोनी चुनौती दे रही हैं। शिवजी को पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा और कुसुम सोनी को पूर्व पार्षद नरेश मेहता का समर्थन प्राप्त है। वार्ड संख्या 36 में भाजपा के शेर मोहम्मद को मुस्लिम बाहुल्य इस वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशियों की चुनौती मिलेगी। कांग्रेस प्रत्याशी आसीफ भाटी का नामांकन अपराधिक केस के कारण खारिज हो गया है।
वार्ड संख्या 48 में भाजपा प्रत्याशी चीकू सांसी का नामांकन रद्द हो गया है। यहां भाजपा समर्थित निर्दलीय कृष्णा सांसी और अन्य निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं। क्षेत्र की जनता का मत किसे मिलेगा, यह देखने वाली बात होगी।
राजस्थान में निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने टिकट वितरण में पूरी ताकत झोंक दी है, लेकिन अब असली चुनौती बागियों की बगावत से पार पाने की है। पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने टिकट वितरण के लिए लंबी कवायद की और समीकरण साधने की कोशिश की, लेकिन टिकटों के ऐलान के बाद कई जगह विरोध के सुर सुनाई देने लगे हैं।
कांग्रेस के सामने चुनौती है कि नाराज दावेदारों को कैसे मनाया जाए और टिकट कटने से नाराज कार्यकर्ताओं को पार्टी प्रत्याशी के पीछे खड़ा किया जाए। टिकट वितरण को लेकर कुछ जगह विवाद और नाराजगी सामने आई है। भीलवाड़ा का उदाहरण भी है, जहां नेताओं के विवाद के कारण सिंबल नहीं दिया जा सका।
निकाय चुनाव में मुकाबला सिर्फ भाजपा से नहीं है, बल्कि कई वार्डों में कांग्रेस को अपने ही बागियों से भी मुकाबला करना पड़ सकता है। अगर नाराज दावेदार मान गए तो कांग्रेस की रणनीति मजबूत होगी, अन्यथा कई वार्डों में कांग्रेस का खेल बिगड़ सकता है।
5 free articles left today
0 of 5 free reads used today.
Reader Pulse





Comments
0 threadsNo approved comments yet. Start the discussion.