करौली के श्रीमहावीरजी स्टेशन पर बंदर ने उड़ाए 39 हजार रुपये
यात्रियों ने नोट समेटकर महिला को बड़ा आर्थिक नुकसान होने से बचाया
राजस्थान के करौली के श्रीमहावीरजी रेलवे स्टेशन पर एक बंदर ने महिला यात्री के पर्स से 40 हजार रुपये छीन लिए और नोट हवा में बिखेर दिए। यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता से 39 हजार रुपये वापस मिल गए, जबकि 1 हजार रुपये हवा में कहीं उड़ गए। महिला ने सहयोग के लिए यात्रियों और रेलवे स्टाफ का आभार व्यक्त किया, वहीं यात्रियों ने बंदरों से सुरक्षा हेतु विशेष अभियान की मांग की।
AI-निर्मित सार · पूरी ख़बर से पुष्टि करें
करौली। राजस्थान के करौली जिले के श्रीमहावीरजी रेलवे स्टेशन पर एक बंदर ने महिला यात्री के पर्स से 40 हजार रुपये छीन लिए और 15 मिनट तक नोट हवा में उड़ाता रहा। यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से लगभग 39 हजार रुपये वापस मिल गए।
कोटा से जनशताब्दी ट्रेन से आई महिला अपने रिश्तेदार को रुपये देने स्टेशन पर उतरी थी। तभी एक बंदर ने उनके हाथ से पर्स झपटकर फुट ओवरब्रिज की टीन शेड पर चढ़ गया। वहां उसने पर्स की जिप खोली और 500, 200 व 100 रुपये के नोट हवा में उड़ाने लगा। करीब 15 मिनट तक स्टेशन परिसर में नोटों की बारिश होती रही।
नीचे खड़े यात्री और रेलवे स्टाफ नोटों को समेटने के लिए दौड़ते रहे। बंदर ने जब सारे नोट नीचे गिरा दिए, तो कुछ लोगों ने उसे खाने की चीज दिखाकर खाली पर्स भी छुड़ा लिया। पर्स की दूसरी जेब में रखे 10 हजार रुपये सुरक्षित रहे।
यात्रियों और कर्मचारियों ने प्लेटफॉर्म और आसपास की छतों से बटोरे गए नोटों को महिला को सौंपा। गिनती में पता चला कि 40 हजार रुपये में से लगभग 39 हजार रुपये वापस मिल गए, केवल 1 हजार रुपये कम थे जो हवा के बहाव में कहीं दूर उड़ गए।
महिला ने मदद करने वाले सभी यात्रियों और जीआरपी व रेलवे स्टाफ का आभार जताया। करौली का श्रीमहावीरजी स्टेशन धार्मिक पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण है, जहां रोज हजारों श्रद्धालु आते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन पर बंदरों का आतंक रहता है, जो यात्रियों के खाने-पीने का सामान, मोबाइल और बैग छीन लेते हैं। इस घटना के बाद यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से बंदरों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है।
5 free articles left today
0 of 5 free reads used today.
पाठकों की पसंद







Comments
0 threadsNo approved comments yet. Start the discussion.