बीकानेर में पुलिस टीम पर हमला, हिस्ट्रीशीटर छुड़ाया
शेरेरा में बदमाशों ने दो कांस्टेबलों पर लाठी-डंडों से हमला किया
बीकानेर के नापासर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमले के बाद हिस्ट्रीशीटर मोडाराम को बदमाशों ने जबरन छुड़ा लिया। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और आरोपियों की पहचान तथा उनके पकड़े जाने के प्रयास जारी हैं।
AI-निर्मित सार · पूरी ख़बर से पुष्टि करें
बीकानेर। बीकानेर के नापासर थाना क्षेत्र के शेरेरा गांव में 27 अगस्त को पुलिस टीम पर हमला हुआ। थानाधिकारी कविता पूनिया के नेतृत्व में पुलिस आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही है। हमलावरों ने हिरासत में लिए गए हिस्ट्रीशीटर मोडाराम को जबरन छुड़ा लिया।
शेरेरा पुलिस चौकी के कांस्टेबल रामदयाल और हीरालाल एक वांछित आरोपी मोडाराम को पकड़कर चौकी ले जा रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की कैंपर, थार और मोटरसाइकिलों से करीब 15-20 बदमाश वहां पहुंचे और दोनों पुलिसकर्मियों को घेर लिया।
बदमाशों ने लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर कांस्टेबल रामदयाल की पीठ और कांस्टेबल हीरालाल के सिर पर चोटें पहुंचाईं। बचाव के दौरान हीरालाल के हाथ पर भी चोट आई।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, कांस्टेबल हीरालाल घटना का वीडियो बना रहे थे, लेकिन हमलावरों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद आरोपियों ने मोडाराम को जबरन छुड़ा लिया और अपनी गाड़ियों में बैठाकर फरार हो गए।
पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, लेकिन बदमाश खेतों के कच्चे रास्तों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
मामले में मोडाराम के साथ राकेश, भैराराम, चैनाराम, दुर्गाराम और जीतराम सहित अन्य को नामजद किया गया है।
थानाधिकारी कविता पूनिया ने बताया कि पुलिस टीम आरोपियों की पहचान, घटना में इस्तेमाल वाहनों और छीने गए मोबाइल फोन की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। सहायक उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार को अनुसंधान अधिकारी नियुक्त किया गया है।
पुलिस ने कहा कि राजकार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने और हिरासत में लिए गए आरोपी को जबरन छुड़ाने में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नापासर थाने में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया हैकविता पूनिया, थानाधिकारी
5 free articles left today
0 of 5 free reads used today.
Reader Pulse




Comments
0 threadsNo approved comments yet. Start the discussion.