Barmer ई-पेपर ↗
उत्तराखंड: चमोली में निर्माणाधीन सुरंग में पानी-मलबा भरा, सात श्रमिकों की मौत, बचाव अभियान जारी
यह ख़बर पृष्ठ 1 पर जैसी छपी। पूरा पाठ पढ़ने के लिए ऊपर “पाठ में पढ़ें” दबाएँ।

उत्तराखंड: चमोली में निर्माणाधीन सुरंग में पानी-मलबा भरा, सात श्रमिकों की मौत, बचाव अभियान जारी

नई दिल्ली · उत्तराखंड के चमोली जिले में 444 मेगावाट क्षमता वाली विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में गुरुवार शाम पानी और मलबा भरने से सात श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि तीन श्रमिक लापता बताए जा रहे हैं। हादसा शाम करीब 7:05 बजे दो किलोमीटर लंबी टेल रेस टनल में हुआ, जहां निर्माण कार्य चल रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुरंग के भीतर खुदाई के दौरान तेज आवाज के बाद अचानक पानी और मलबे का तेज बहाव अंदर आ गया। आशंका है कि सुरंग के ऊपर भूस्खलन और पानी के रिसाव के कारण भीतर खाली स्थान बनने से यह हादसा हुआ। घटना के समय सुरंग में कई श्रमिक मौजूद थे। बचाए गए श्रमिकों को गोपेश्वर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को युद्धस्तर पर राहत कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं।

होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय UAE के 2 टैंकरों पर हमला, ईरान पर आरोप

नई दिल्ली · संयुक्त अरब अमीरात ने ईरान पर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे उसकी सरकारी तेल कंपनी ADNOC के दो टैंकरों पर ड्रोन हमले करने का आरोप लगाया है। UAE ने इन हमलों को समुद्री डकैती जैसा कृत्य बताते हुए क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए खतरा करार दिया। ADNOC के अनुसार गुरुवार शाम दोनों टैंकरों को निशाना बनाया गया। हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया। ब्रिटेन के यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स सेंटर ने भी जलडमरूमध्य में दो जहाजों को ड्रोन हमलों से मामूली नुकसान पहुंचने की जानकारी दी। UAE के विदेश मंत्रालय ने कहा कि व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाना नौवहन की स्वतंत्रता के सिद्धांतों का उल्लंघन है। मंत्रालय ने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स पर होर्मुज जलडमरूमध्य का आर्थिक दबाव के साधन के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। ईरान की ओर से तत्काल प्रतिक्रिया नहीं आई।

मानसून कमजोर, 7 जिलों में आंधी बिजली का अलर्ट

जयपुर · पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। हालांकि अलवर, जयपुर, भरतपुर, कोटा, सीकर समेत 17 जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं का येलो अलर्ट है।

← पूरा पृष्ठ देखें
© Barmer · डिजिटल ई-पेपर संस्करण