Barmer ई-पेपर ↗
CJP का जंतर-मंतर सीजन-2 जल्द, देशभर में आंदोलन
यह ख़बर पृष्ठ 1 पर जैसी छपी। पूरा पाठ पढ़ने के लिए ऊपर “पाठ में पढ़ें” दबाएँ।

CJP का जंतर-मंतर सीजन-2 जल्द, देशभर में आंदोलन

नई दिल्ली · कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को घोषणा की कि जंतर-मंतर का सीजन-2 जल्द शुरू होगा। इस पहल के तहत देशभर में नाकाबिल सरकारों और अफसरों के खिलाफ आंदोलन की योजना बनाई गई है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया कि सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा जंतर-मंतर के सीजन-2 के बारे में पूछताछ की जा रही थी। उन्होंने कहा, 'बहुत से लोग इंस्टाग्राम पर कमेंट कर रहे थे कि जंतर-मंतर का सीजन-2 कब शुरू होगा। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि यह बहुत जल्द शुरू होने वाला है।' पार्टी प्रवक्ता सौरभ दास ने एएनआई के साथ बातचीत में बताया कि CJP देशभर में 'लिसनिंग टूर' शुरू कर रही है। इस टूर का उद्देश्य जनता की बात सुनना और नाकाबिल सरकारों के खिलाफ आंदोलन करना है। सौरभ दास ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पार्टी शिक्षा के मुद्दे को प्राथमिकता देगी। उन्होंने अभिभावकों और लोगों से अपील की कि वे अपने सरकारी स्कूलों में जाकर सोशल ऑडिट करें, वहां के हालात रिकॉर्ड करें और सुधार में मदद करें। उन्होंने कहा कि युवा अब जिम्मेदारी ले रहे हैं और एक सच्चा 'विकसित भारत' जल्द बनने वाला है। CJP का यह अभियान देशभर में जागरूकता फैलाने और सरकारी तंत्र की खामियों को उजागर करने के लिए है।

भारी बारिश से 6 राज्यों में तबाही, बिहार में 9 की मौत

नई दिल्ली · मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत देश के 6 राज्यों में बीते 48 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। बिहार में बिजली गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई है। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल में 24 घंटे के भीतर 7 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई है, जिससे 1,000 से अधिक घरों में 5 फीट तक पानी भर गया और स्कूलों में लगातार तीसरे दिन छुट्टी घोषित करनी पड़ी। मंदसौर में शिवना नदी के ओवरफ्लो होने से अटल सागर बांध के गेट खोलने पड़े हैं। राजस्थान के हाड़ौती अंचल में पिछले 24 घंटों में 12 इंच तक भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 6 जिलों में ऑरेंज और 17 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। जयपुर में जेके लोन अस्पताल के पास बस स्टैंड का शेड गिर गया। बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान आसमान से बरसी बिजली की चपेट में आने से 9 लोगों की दुखद मौत हो गई और कई लोग झुलस गए। हिमाचल प्रदेश में कुल्लू के NH-305 पर चलती कार पर चट्टानें गिरने से दो लोग घायल हो गए। राज्य में चंडीगढ़-मनाली फोरलेन समेत 259 सड़कें बंद हैं और 161 बिजली ट्रांसफॉर्मर ठप पड़े हैं। उत्तर प्रदेश के बिजनौर और फर्रुखाबाद में गंगा नदी का पानी सड़कों पर आने से 40 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। वहीं असम में बाढ़ के कारण मौतों का आंकड़ा 101 तक पहुंच गया है।

← पूरा पृष्ठ देखें
© Barmer · डिजिटल ई-पेपर संस्करण