बाड़मेर। बाड़मेर शहर में समीपवर्ती ग्राम चूली में शनिवार रात करीब करीब 2 बजे ई-मित्र संचालक के घर से करीब 70 लाख रुपए की ज्वेलरी और कैश की चोरी हो गई। देर रात चोर खिड़की के सरिए तोड़कर चोर घर में घुसे। चोर घर से लोहे की पेटी (बॉक्स) बाहर ले गए, जिसमें 80 तोला सोना, 2 किलो चांदी की ज्वेलरी और करीब दो लाख रुपए कैश थे।
पुलिस थाना ग्रामीण के अनुसार चूली निवासी किसान शैतान सिंह पुत्र दौलत सिंह का परिवार रात को खाना खाने के बाद सो गया था। घर में एक कमरा लॉक था, जिसमें सोने-चांदी के जेवर और कैश रखा हुआ था। रात करीब 2 बजे चोर आए। खेत की ओर खुलने वाली कमरे की खिड़की के सरिए को तोड़कर अंदर घुसे। फिर रूम के दरवाजे को अंदर से बंद कर दिया। चाेर लोहे की दो पेटियां घर से दूर खेत में ले गए। जेवर और कैश लेकर खाली पेटी व ज्वेलरी बॉक्स वहीं छोड़कर फरार हो गए।
शैतान सिंह के बेटे स्वरूप सिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया- मैं बाहर गया हुआ था। पूरा परिवार घर पर था। हमारा पुश्तैनी 80 तोला सोना, 2 किलो चांदी के गहने और 2 लाख रुपए कैश चोरी हुए हैं। खिड़की से अंदर घुसकर वारदात की। पैरों के निशान भी मिले हैं। मेरे छोटे बच्चे का गुल्लक था, उसको फोड़कर भी रुपए ले गए। घटना का पता सुबह करीब 5 बजे चला। वारदात के समय घर पर पिता, दो भाई और महिलाएं थीं।
एएसपी बोले- दो घरों में टूटे ताले, मंदिर की तरफ भागे चोर
एएसपी जस्साराम ने बताया- शैतान सिंह के घर में चोरी की सूचना मिली थी। उनके पड़ोस में रहने वाले उगम सिंह के घर में भी ताले टूटे हैं। कमरे में एक अटैची में छोटी बहू के गहने वहीं पड़े मिले। एक अलमारी लॉक है। उनकी बड़ी बहू के पास उसकी चाबी है। उसके आने के बाद उसमें रखा सामान मिलने की संभावना है। करीब 50 तोला सोने के आभूषण चोरी होने का अंदेशा है। मौके पर एक चाकू मिला है। जब उनके पदचिह्नों को खोजा गया तो पैरों के निशान मंदिर के आसपास जाते हुए मिले हैं। जो करीब 3 किलोमीटर दूर है। डॉग स्क्वॉड भी गया था, लेकिन वह आगे बढ़ नहीं पाया। मुख्य सड़क की तरफ पदचिह्न आए।